एलपीजी ई-केवाईसी में पौड़ी ने पकड़ी रफ्तार, 78 फीसदी से ज्यादा उपभोक्ताओं की प्रक्रिया पूरी

 

पौड़ी गढ़वाल, 19 अगस्त (हि.स.)। जिले में घरेलू एलपीजी कनेक्शनों की ई-केवाईसी प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। एलपीजी ई-केवाईसी में पौड़ी ने पकड़ी रफ्तार, 78 फीसदी से ज्यादा उपभोक्ताओं की प्रक्रिया पूरी है। यानी अब तक 78 प्रतिशत से अधिक उपभोक्ता ई-केवाईसी करा चुके हैं।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, ई-केवाईसी पूरी करने वालों में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के 1,21,756, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के 37,593 और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के 23,021 उपभोक्ता शामिल हैं।

वहीं, जिले में कुल 25,555 पीएमयूवाई उपभोक्ताओं में से 22,414 उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। प्रशासन का कहना है कि ई-केवाईसी प्रक्रिया का उद्देश्य एलपीजी उपभोक्ताओं के रिकॉर्ड को अद्यतन करना और व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाना है।

जिला प्रशासन ने ई-केवाईसी से वंचित उपभोक्ताओं से अपनी संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क कर प्रक्रिया और आगे की व्यवस्था की जानकारी लेने की अपील की है। उपभोक्ताओं को अधिकृत माध्यमों से ही जानकारी प्राप्त करने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई करने की सलाह दी गई है।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि जिले में ई-केवाईसी का कार्य काफी हद तक पूरा हो चुका है। शेष उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी के संबंध में संबंधित तेल कंपनियों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से जल्द ई-केवाईसी पूरी कराने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह