पुलिस पर व्यापार सभा के सचिव के साथ अभ्रदता का आरोप, होगी जांच

 

पौड़ी गढ़वाल, 18 जून (हि.स.)। जय कंडोलिया महोत्सव से घर जा रहे व्यापार सभा के सचिव के साथ कुछ पुलिस जवानों पर अभ्रदता करने का आरोप लगा है। व्यापार सभा ने एसएसपी से मामले में आरोपित पुलिस जवानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, एसएसपी ने घटना की जांच के आदेश दिए है।

व्यापार सभा के सचिव देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि बीते बुधवार को जय कंडोलिया महोत्सव के तहत आयोजित सांस्कृतिक संध्या से वह जा रहे थे। इसी दौरान कंडोलिया मार्ग पर लाइब्रेरी के पास बाइक सवार कुछ पुलिस जवानों ने उनके साथ अभ्रदता शुरू कर दी।

आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनके साथ गाली गलौज व जान से मारने की धमकी दी गई। बताया कि इस दौरान एक एसआई ने भी उनके साथ बदतमीजी की। व्यापार सभा के सचिव ने बताया कि घटना की शिकायत कोतवाली में भी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

जिसको लेकर गुरुवार को व्यापार सभा के पदाधिकारियों व व्यापारियों ने एसएसपी पौड़ी से मुलाकात कर आरोपित पुलिस जवानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं, एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि मामले की जांच के आदेश दिए गए है।मामले की जांच एएसपी संचार को दी गई है।

इस मौके पर नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केशर सिंह नेगी, व्यापार सभा के अध्यक्ष विनय शर्मा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह