पेनेसिया हॉस्पिटल अग्निकांड में झुलसे लोगों का स्वास्थ्य मंत्री ने जाना हाल
देहरादून, 20 मई (हि.स.)। उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने बुधवार काे कैलाश हॉस्पिटल पहुंच कर पेनेसिया हॉस्पिटल में आग लगने से झुलसे मरीजाें व पुलिसकर्मियों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य का हाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से उपचाररत मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए सभी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
इस माैके पर मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में पुलिस, प्रशासन, फायर सर्विस एवं स्वास्थ्य विभाग ने तत्परता एवं साहस के साथ किया गया राहत एवं बचाव कार्य सराहनीय है। उन्होंने राहत एवं बचाव अभियान के दौरान घायल पुलिसकर्मियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावितों के साथ खड़ी है।
आज ही प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना भी आग से झुलसे मरीजों व पुलिसकर्मियों का हाल चाल देखने अस्पताल पहुंचे। इस दौरान प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री से पेनीसिया समेत प्रदेश में मानकों के खिलाफ चल रहे तमाम फर्जी अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आज जिस पेनिसिया अस्पताल में आग लगी है, वह एक पूरा रैकेट चला रहे हैं, जिसमें देहरादून के अनेक डाक्टर, १०८ एम्बुलेंस के अनेक संचालक व इस अस्पताल का प्रबंधन शामिल हैं। इन्हें ऊंची पहुंच वालाें का संरक्षण हासिल है। स्वास्थ्य मंत्री ने धस्माना को आवश्यक और सख्त कार्यवाही का आश्वासन दिया।
धस्माना ने अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों से मुलाकात की व उनकी कुशलक्षेम पूछी, उन्होंने मरीजों को बचाने में झुलसे पुलिस कर्मियों को शाबाशी दी व डीजीपी व राज्य सरकार से उनको पुरस्कृत करने की मांग भी की।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल