10 सितंबर को मनाई जाएगी पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती
नैनीताल, 01 सितंबर (हि.स.)। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती आगामी 10 सितंबर को पूरे नैनीताल जनपद में भव्य रूप से मनाई जाएगी। मंगलवार को जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सौरभ असवाल की अध्यक्षता में हुई तैयारी बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा तय कर संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। मुख्य आयोजन मल्लीताल पंत पार्क में होगा।
बैठक में पंत फाउंडेशन के प्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों और जयंती आयोजन समिति के सदस्यों ने प्रतिभाग किया। बैठक में तय हुआ कि जयंती पर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमाओं पर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी तथा उनके जीवन-दर्शन, साहित्यिक एवं सामाजिक योगदान, स्वतंत्रता आंदोलन में भूमिका और देशभक्ति पर आधारित कार्यक्रम आयोजित होंगे।
भवाली, भीमताल, नौकुचियाताल, हल्द्वानी, कोटाबाग, रामगढ़, धारी, बेतालघाट, ओखलकांडा और लालकुआं सहित विभिन्न क्षेत्रों में भी कार्यक्रम होंगे। सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय, स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक संस्थानों में पंडित पंत के चित्र पर माल्यार्पण और श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। विद्यालयों में भाषण, विचारगोष्ठी, निबंध और वाद-विवाद सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। जयंती से पहले पंडित पंत की प्रतिमाओं एवं उनके परिसरों में रंग-रोगन, सफाई और प्रकाश व्यवस्था पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। उत्तराखंड संस्कृति विभाग की ओर से पंत पार्क में पंडित पंत के जीवनवृत्त पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने तथा कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में उप जिलाधिकारी नवाजिश खलीक, जयंती समिति के संयोजक गोपाल रावत, ललित भट्ट, राजेश कुमार तथा पंत फाउंडेशन के देवेंद्र ढैला, कीर्ति बल्लभ, दीवान सिंह, दया किशन पोखरिया, देवेंद्र बिष्ट, शिवराज नेगी, चंदन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी