पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन से लें प्रेरणा: मुख्यमंत्री धामी
देहरादून, 10 सितंबर (हि.स.)। आज प्रदेशभर में पंडित गोविंद बल्लभ पंत को उनकी जयंती पर याद किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनका स्मरण किया। उन्होंने कहा कि पंडित पंत हमारे लिए पाथेय हैं औउ उनके बताए रास्ते पर चलकर उत्तराखंड के विकास को सर्वाेच्च शिखर पर पहुंचाना ही भाजपा का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि पंडित पंत प्रखर राजनीतिज्ञ के साथ ही सच्चे देशभक्त भी थे। उनका महान व्यक्तित्व एवं कृतित्व हमारी युवा पीढ़ी के लिये सदैव प्रेरणादायी रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पं. पंत ने देश को नई दिशा देने के साथ ही कुली बेगारी प्रथा तथा जमींदारी उन्मूलन के लिए निर्णायक संघर्ष कर समाज में व्याप्त इन बुराइयों को मिटाने में अहम भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हिन्दी को राजभाषा के रूप में प्रतिष्ठित कराने तथा उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री एवं देश के गृहमंत्री रहते आधुनिक भारत के निर्माण में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पं. गोविन्द बल्लभ पंत का शानदार नेतृत्व देशवासियों के लिए सदैव मार्गदर्शन करता रहेगा।
वहीं, पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर पिथौरागढ जिले में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशीष भटगांई, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों व स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर उनके जीवन संघर्ष, राष्ट्र एवं समाज के लिए किए गए उनके कार्यों व उनके आदर्शों पर वक्ताओं द्वारा प्रकाश डाला गया। देहरादून, पौड़ी, नैनीताल समेत अन्य जिलों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
----
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल