प्रसाद वितरण और विशाल भंडारे के साथ भैंतला में पांडव लीला को विदाई
नई टिहरी, 10 सितंबर (हि.स.)। प्रतापनगर ब्लॉक के रौणद रमोली पट्टी के ग्राम पंचायत भैंतला के भैरव देवता मंदिर प्रांगण में संचालित पांडव लीला का हवन-यज्ञ, प्रसाद वितरण और भंडारे के साथ समापन हो गया। आठ दिनों तक यहां महाभारत युद्ध के विभिन्न प्रसंगों पर कलाकारों ने शानदार अभिनय किया।
उन्होंने स्थानीय पौराणिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के अनुरूप भावपूर्ण मंचन कर लीला का यादगार बनाया। वीरवार को पांडव लीला समापन के अवसर पर विधायक विक्रम नेगी, ज्येष्ठ उप प्रमुख प्रकाश चंद रमोला, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल ने आयोजन की सराहना की। कहा कि पांडव लीला क्षेत्र की पौराणिक धार्मिक और धार्मिक धरोहर है।
इसे संजोए रखना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। समापन अवसर पर हवन-यज्ञ में ग्रामीणों ने श्रद्धापूर्वक बडी संख्या मे भाग लेकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य नरेश नेगी, कुंदन सिह, आयोजक समिति के अध्यक्ष प्रताप सिंह, बिजेंद्र पंवार, शूरवीर भंडारी, सुरेंद्र सिंह रावत, लोक गायक रमेश बगियाल, कैलाश पंवार, मनभावन बगियाल मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी