पर्यावरणविद् पदमश्री पुरस्कार प्राप्त ललित पांडे का निधन, शोक की लहर
अल्मोड़ा15 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, ग्रामीण विकास और सामाजिक सरोकारों के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले पद्मश्री डॉ. ललित पाण्डेय जी का आज 78 वर्ष की आयु में अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में निधन हो गया। पश्चिम बंगाल और पंजाब के पूर्व राज्यपाल बी. डी. पाण्डे के सुपुत्र डॉ. ललित पाण्डे ने अपने कार्यों से परिवार की लोकसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाया।
डॉ. ललित पाण्डेय उन विरले लोगों में थे जिन्होंने अपनी उच्च शिक्षा और विदेशों में उपलब्ध अवसरों को छोड़कर पहाड़ों में रहकर समाज के लिए काम करने का रास्ता चुना। आईआईटी दिल्ली, एमआईटी और पर्ड्यू विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने 1984 में अल्मोड़ा लौटकर अपना जीवन उत्तराखंड के समाज और पहाड़ों के विकास के लिए समर्पित कर दिया।
उत्तराखंड सेवा निधि के माध्यम से उन्होंने पर्यावरण शिक्षा को विद्यालयों तक पहुंचाने, ग्रामीण पुस्तकालयों और बालवाड़ियों की स्थापना, महिला सशक्तीकरण, जल एवं स्वच्छता, वनीकरण, कृषि और ग्रामीण आजीविका के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया। उनका कार्य केवल किसी संस्था तक सीमित नहीं था, बल्कि उत्तराखंड के सैकड़ों गांवों और समुदायों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बना।
जमीनी स्तर पर उनके असाधारण योगदान के लिए वर्ष 2007 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया। वे आईआईटी दिल्ली के विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान से भी सम्मानित हुए।
उत्तराखण्ड परिवर्तन पार्टी के संरक्षक पीसी तिवारी ने शोक संदेश में कहा कि डॉ. ललित पाण्डेय का जाना उत्तराखंड के सामाजिक, शैक्षिक और पर्यावरणीय क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। इधर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने पद्मश्री से सम्मानित डॉ. ललित पाण्डे के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
जिलाधिकारी ने कहा कि डॉ. पाण्डे ने उत्तराखंड सेवा निधि पर्यावरण शिक्षा संस्थान के माध्यम से विद्यालयों में पर्यावरण शिक्षा को बढ़ावा दिया। उन्होंने गांवों में छोटे बच्चों के लिए बालवाड़ियां खोलने और पुस्तकालय व ग्राम शिक्षण केंद्र स्थापित करने में योगदान दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद चंद्र जोशी