नैनीताल में सप्ताहांत के बाद भी आठ हजार से अधिक पर्यटकों की आमद

 




नैनीताल, 22 जून (हि.स.)। मैदानी क्षेत्रों में बढ़ती गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पर्वतीय पर्यटन नगरी सरोवरनगरी नैनीताल पहुंच रहे हैं। सोमवार को नगर में 8 हजार से अधिक पर्यटकों और 1500 से अधिक पर्यटक वाहनों की आमद दर्ज की गयी, जिससे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर दिनभर चहल-पहल बनी रही। पर्यटकों की बढ़ती संख्या के कारण नगर के सभी पार्किंग स्थल भर गये तथा कई स्थानों पर यातायात दबाव भी देखने को मिला।

आज भी नगर से 8 किमी पहले रूसी बाइपास और नारायण नगर में बिना बुकिंग के आ रहे वाहनों को रोका गया और शटल टैक्सियों के माध्यम से नगर में भेजा गया। इससे यहां लंबे जाम भी लगे और बाइपास पर बड़ी संख्या में खड़े वाहन देखे गये।

नगर के हिमालय दर्शन, प्राणी उद्यान, माल रोड, पंगोट, केव गार्डन, वाटर फॉल, स्नो व्यू, टिफिन टॉप और नैना देवी मंदिर सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पूरे दिन पर्यटकों की भीड़ उमड़ी रही। प्राणी उद्यान में 1600 से अधिक, वाटर फॉल में 1100 से अधिक तथा केव गार्डन में 2000 से अधिक पर्यटकों ने भ्रमण किया। शाम के समय माल रोड और नैनी झील के किनारे सैलानियों की चहल-पहल बढ़ गयी तथा नौकायन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं।

नैनीताल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने बताया कि शुक्रवार से नगर के 70 प्रतिशत से अधिक होटल और होमस्टे पूर्ण रूप से आरक्षित हैं। नाव चालक समिति के अध्यक्ष राम सिंह बिष्ट के अनुसार सप्ताहांत में नौकायन करने वालों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जो सप्ताहांत के बीतने के बाद भी जारी है। ऐसे में पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों ने पर्यटकों की बढ़ती आमद को स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए उत्साहजनक बताया है।

अलबत्ता माना जा रहा है आगे अगले सप्ताह तक मैदानी क्षेत्रों में विद्यालय खुल जाने के साथ पर्यटकों की संख्या में कमी आ सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी