पीएलवी समीक्षा बैठक में विधिक सेवाओं के प्रचार-प्रसार पर जोर
पौड़ी गढ़वाल, 03 अगस्त (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) नाज़िश कलीम की अध्यक्षता में सोमवार को पैरा लीगल वालंटियर्स (पीएलवी) और अधिकार मित्रों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इस दौरान स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली, क्षेत्राधिकार और उपयोगिता पर एक दिवसीय प्रशिक्षण भी दिया गया।
बैठक में सचिव ने निर्देश दिए कि पीएलवी अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक विधिक जागरूकता शिविर आयोजित कर लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता, महिला एवं बाल अधिकार, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, साइबर अपराध से बचाव और सरकारी योजनाओं की जानकारी दें। साथ ही पात्र लोगों को समयबद्ध तरीके से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से जोड़कर निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
प्रशिक्षण में बताया गया कि स्थायी लोक अदालत जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों के त्वरित, सरल और कम खर्चीले समाधान का प्रभावी माध्यम है। अधिकारियों ने पीएलवी से इस व्यवस्था के प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाने और पात्र मामलों को स्थायी लोक अदालत तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम में रिटेनर अधिवक्ता गजेन्द्र सिंह रावत, स्थायी लोक अदालत के सदस्य मयंक शर्मा, वन स्टॉप सेंटर की अमृता रावत सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी, कर्मचारी और सभी पीएलवी, अधिकार मित्र मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह