पौड़ी में चढ़ावा चोरी के विरोध में कांग्रेस ने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ दिया धरना
पौड़ी गढ़वाल, 08 जुलाई (हि.स.)। राम मंदिर और बद्रीनाथ में चढ़ावा चोरी के मामले में कांग्रेस ने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज कांग्रेसियों ने अयोध्या के राम मंदिर और ब्रदीनाथ मंदिर में हुए चढ़ावे चोरी के विरोध में लक्ष्मीनारायण मंदिर में धरना दिया। इस दौरान आक्रोशित कांग्रेसियों ने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई।
लक्ष्मी नारायण मंदिर में धरना देते हुए कांग्रेस नेता सुंदरलाल मुयाल आदि ने कहा कि अयोध्या के राम मंदिर के साथ ही केदारनाथ और ब्रदीनाथ मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले सामने आ रहे है, जिसमें भाजपा से जुड़े नेताओं का नाम सामने आ रहा है। आरोप लगाया कि मामले में बड़े भ्रष्ट्राचारियों को बचाने का काम किया जा रहा है।
कहा कि लगातार मंदिरों से चढ़ावा चोरी के मामले सामने आने से पूरे देश की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही है लेकिन केंद्र सरकार इन मामलों में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। कांग्रेसियों ने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस मौके पर पार्टी के नगराध्यक्ष भरत सिंह, प्रमोद मंद्रवाल, अनूप सिंह, अमन नयाल, योगेंद्र कुमार, वीरेंद्र रावत, राहत हुसैन, अजय नेगी, राजेश भंडारी, युद्धवीर सिंह, जगमोहन रौथाण आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह