डिप्लोमा इंजीनियरों की हड़ताल से काम होने लगे प्रभावित

 

पौड़ी गढ़वाल, 24 मार्च (हि.स.)। डिप्लोमा इंजीनियरों की 27 सूत्रीय मांगों के समाधान को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को भी जारी रही। बीते सोमवार से डिप्लोमा इंजीनियरों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की है। इंजीनियरों की हड़ताल से विभागीय काम प्रभावित होने लगे है।

मंगलवार को जिला मुख्यालय पौड़ी लोनिवि निरीक्षण भवन परिसर में इंजीनियरों ने धरना दिया। इस मौके पर महासंघ के पौड़ी शाखा अध्यक्ष सुमित नेगी, सचिव राहुल लखेड़ा ने कहा कि पिछले लंबे समय से डिप्लोमा इंजीनियरों की समस्याओं के समाधान की मांग की जा रही है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दे रही है।

इस दौरान पदाधिकारियों ने सरकार से जल्द ही कनिष्ठ अभियंताओं की वेतन विसंगति को दूर करने, पूर्व की भांति तीन पदोन्नति देने, पुरानी पेंशन योजना को लागू करने, उत्तराखंड पेयजल निगम व उत्तराखंड जल संस्थान का एकीकरण करने, विभागीय कार्यो के लिए लैपटॉप या कंप्यूटर उपलब्ध करवाने सहित 27 सूत्रीय मांगों के जल्द समाधान की मांग की। धरना देने वालों में अमित कुमार, महेंद्र सिंह राणा, सत्यम बिष्ट, मृत्युंजय शर्मा, राखी, रवि कुमार, अनिल कुमार, धर्मपाल भारती, राहुल कुमार आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह