पौड़ी में कांग्रेस का जुलूस, पेपर लीक आरोपितों पर सख्त कार्रवाई की मांग
पौड़ी गढ़वाल, 25 जुलाई (हि.स.)। नीट और सीबीएसई परीक्षा से जुड़े विवाद, छात्रों के साथ हुए अन्याय व आंदोलन के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पौड़ी शहर में विजय जुलूस निकाला। जुलूस मुख्य बाजार से होकर विभिन्न मार्गों से गुजरा, जहां कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक के आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देशभर में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप था कि अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाने वाले छात्रों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है, जबकि सरकार इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर परीक्षाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की।
जुलूस में नगराध्यक्ष भरत सिंह रावत, ब्लॉक अध्यक्ष कुलदीप रावत, अनुप सिंह, अनिल कुमार, यशोदा नेगी, जगमोहन सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह