ओबीसी आयोग के अध्यक्ष ने लिया बारिश से हुए नुकसान का जायजा
नई टिहरी, 12 सितंबर (हि.स.)। जौनपुर ब्लॉक की सकलाना पट्टी में भारी बारिश के कारण हुए नुकसान को ओबीसी आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी के जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों का नुकसान आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। कहा कि तत्काल क्षतिग्रस्त हुई सरकारी, गैर सरकारी संपत्तियों की मरम्मत, पुनर्निर्माण कार्य शुरू किए जाएं। प्रभावित परिवारों को भी जल्द क्षतिपूर्ति दी जाए।
शनिवार को ओबीसी आयोग के अध्यक्ष नेगी ने एसडीएम अंशुल भट्ट के साथ बारिश से प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने सत्यों बाजार में मलबा आने से हुए नुकसान का जायजा लिया। यहां जल्द सुरक्षात्मक कार्य करने, प्रभावितों को प्रतिकर समेत अन्य सुविधाएं देने के निर्देश दिए। आपदा के कारण क्षतिग्रस्त हुए उनियाल गांव-हवेली, आनंद चौक से संतेगल, कठूकी चहल से घोना, पीपीसीएल से सीतापुर मोटर का भी उन्होंने निरीक्षण किया। उन्होंने नदी के उफान से कुमाल्डा को हुए खतरे के संबंध में भी जानकारी ली। प्रभावित मोटर मार्गाे पर जल्द ठीक करने को कहा, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कत न हो। बारिश के कारण सड़कों पर बने गड्ढों को भी जल्द भरने को कहा। प्रभावित परिवारों को तत्काल मदद के निर्देश दिए। इस मौके पर तहसीलदार शादाब, भाजपा मंडल अध्यक्ष जय सिंह अजवान, गंभीर पंवार, अरविंद सकलानी, संदीप, बीडीसी गंभीर नेगी, सूरत सिंह कठैत, प्रधान बीरपाल सिंह, मीना देवी, देवेंद्र राणा, मुकेश पंवार, मंजीत रावत, उदय पंवार, गणेश सकलानी मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी