पौड़ी परिसर में छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई का दबदबा
पौड़ी गढ़वाल, 11 सितंबर (हि.स.)। बीजीआर परिसर में हुए छात्रसंघ चुनाव के परिणामों में एनएसयूआई का दबदबा देखने को मिला। एनएसयूआई ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव, कोषाध्यक्ष के साथ ही तीन कार्यकारिणी सदस्यों के पदों पर जीत हासिल की।
मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो.पियूष सिंहा ने बताया कि अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के आयुष थापलियाल ने 382 मत हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि एबीवीपी की अनीषा को 166 मत मिले। आयुष ने 216 मतों से जीत हासिल की। सचिव पद पर एनएसयूआई के ऋषभ कुमार को 317 तो आर्यन के करन कुमार को 223 मत मिले। ऋषभ ने 94 मतों से जीत दर्ज की।
कोषाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की अमीषा नेगी को 343 व एबीवीपी की सृष्टि रावत को 188 वोट मिले। अमीषा ने 155 मतों से जीत हासिल की। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के रविंद्र नेगी, सहसचिव पद पर एनएसयूआई की सोनम, विवि प्रतिनिधि पद पर सारदुल गुसांई ने निर्विरोध जीत हासिल की। इसके साथ ही कार्यकारिणी सदस्य में एबीवीपी की अक्षरा नेगी, एनएसयूआई की आयुषी, मानसी डंगवाल व सोनी ने बाजी मारी।
चुनावी परिणामों में कई पदों पर एनएसयूआई प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान होने से परिसर में संगठन का प्रभाव मजबूत होने के संकेत मिले हैं। वहीं एबीवीपी प्रत्याशियों को कुछ पदों पर कड़ी चुनौती मिली।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह