निरीक्षक उमेश और वेद पुलिस उपाधीक्षक पद पर पदोन्नत
नैनीताल, 03 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड पुलिस में दीर्घ सेवा एवं कर्तव्यनिष्ठा के आधार पर जनपद नैनीताल में तैनात पुलिस निरीक्षक उमेश कुमार मलिक एवं वेद प्रकाश भट्ट को पुलिस उपाधीक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया है। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने एक अलंकरण समारोह आयोजित कर दोनों अधिकारियों के कंधों पर उपाधीक्षक के बैज लगाकर उन्हें नए पद की औपचारिक जिम्मेदारी प्रदान की तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर बताया गया कि दोनों अधिकारियों ने वर्ष 2002 में उपनिरीक्षक के पद से सेवा प्रारंभ की थी और विभिन्न जनपदों एवं इकाइयों में दायित्व निभाते हुए अनुभव अर्जित किया। उमेश कुमार मलिक ने देहरादून, पीटीसी मुरादाबाद, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, विशेष कार्य बल, पुलिस मुख्यालय, सीआईडी हल्द्वानी तथा चंपावत में सेवाएं दीं और वर्ष 2016 में निरीक्षक पद पर पदोन्नत हुए थे। वहीं वेद प्रकाश भट्ट ने पीएसी, एसडीआरएफ, ऊधमसिंह नगर एवं नैनीताल में सेवाएं देते हुए वर्ष 2015 में दलनायक पद प्राप्त किया था।
एसएसपी ने दोनों अधिकारियों के अनुशासन, समर्पण एवं कार्यकुशलता की सराहना करते हुए नए दायित्वों के निर्वहन में उत्कृष्ट कार्य की अपेक्षा व्यक्त की। इस अवसर पर जनपद के पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक-हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी, सुमित पांडे, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, ज्ञानेंद्र शर्मा, राजकुमार बिष्ट, अर्जुन गिरी व देवेंद्र राजपूत सहित शाखा प्रभारी एवं पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी