मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर अब भूख हड़ताल शुरू करने की तैयारी
नई टिहरी, 02 नवंबर (हि.स.)। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज बनाने की मांग को लेकर बौराड़ी गणेश चौक में तीन माह से अधिक समय से संचालित बेमियारी आंदोलन की सुध न लेने पर संयुक्त संघर्ष समिति ने आक्रोश प्रकट किया। कहा कि राज्य स्थापना दिवस तक सरकार ने नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज बनाने का शासनादेश जारी नहीं किया तो उसके एक-दो दिन बाद भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।
बता दें कि मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर तीन माह से बौराड़ी गणेश चौक में धरना और क्रमिक अनशन चल रहा है। बावजूद इसके सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की है। समिति के सदस्यों ने कहा कि गैरसैण में आयोजित सत्र में पूरक बजट में भी नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज के लिए कोई धनराशि नहीं रखी गई। अब समिति ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया है।
समिति के प्रवक्ता महीपाल सिंह नेगी ने बताया कि कोर कमेटी ने आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। राज्य स्थापना दिवस तक जीओ जारी नहीं किया जाता है, तो शीघ्र ही भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। सबसे पहले पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष व सत्याग्राही जीतराम भट्ट अनशन पर बैठेंगे। उसके बाद अन्य लोग भी बेमियादी भूख हड़ताल शुरू करेंगे।
उन्होंने बताया कि आमरण अनशन के लिए समिति ने संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवराज सिंह सजवाण, राज्यांदोलनकारी राजेंद्र पैन्यूली व देवेंद्र नौडियाल, छात्रनेता राहुल बुटोला और यूथ कांग्रेस के लखवीर चौहान का नाम प्रस्तावित किया है। 5 नवंबर को संघर्ष समिति की कोर कमेटी की बैठक की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी