बहुमंजिला पार्किंग निर्माण परियोजना में देरी पर ब्रिडकुल को नोटिस

 

नैनीताल, 29 अप्रैल (हि.स.)। पर्यटन नगरी नैनीताल में पर्यटन सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नगर के पुराने लकड़ी टाल के स्थान पर प्रस्तावित बहुमंजिला पार्किंग परियोजना में हो रही देरी पर जिला विकास प्राधिकरण ने कड़ा रुख अपनाया है। प्राधिकरण के सचिव विजय नाथ शुक्ल ने कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल को पत्र जारी कर निर्माण कार्य में हो रही सुस्ती पर नाराजगी जताते हुए शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं।

लगभग 34 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित यह परियोजना शहर में बढ़ते वाहनों के दबाव को कम करने और जाम की समस्या के समाधान के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उल्लेखनीय है कि निर्माण के लिए लगभग एक वर्ष पूर्व प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए लगभग 25 परिवारों को विस्थापित किया गया था, इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है, जिससे स्थानीय स्तर पर असंतोष बढ़ रहा है।

स्थानीय निवासी त्रिभुवन सिंह फर्त्याल ने बताया कि पर्यटन सीजन में पार्किंग की कमी के कारण शहर में अक्सर लंबा जाम लगता है। बहुमंजिला पार्किंग बनने से स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों दोनों को राहत मिलने की उम्मीद थी। प्राधिकरण के सचिव ने स्पष्ट किया कि बजट और भूमि उपलब्ध होने के बाद भी कार्य प्रारंभ न होना गंभीर विषय है।

उन्होंने ब्रिडकुल से स्पष्टीकरण मांगते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य शुरू करने के निर्देश दिए तथा लापरवाही पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। परियोजना पूर्ण होने पर शहर की यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार संभव है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी