अशासकीय प्रधानाचार्य परिषद ने नए सीईआ से की समस्याओं पर चर्चा
नैनीताल, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड अशासकीय प्रधानाचार्य परिषद, जिला नैनीताल के प्रतिनिधिमंडल ने जिले के नवनियुक्त मुख्य शिक्षा अधिकारी रणजीत सिंह नेगी से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट कर उनका अभिनंदन किया। प्रतिनिधिमंडल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में जनपद की शिक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा विद्यालयों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
इस दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शिक्षा विभाग अशासकीय विद्यालयों के साथ समन्वय बनाकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग करेगा। उन्होंने प्रधानाचार्यों से विद्यालयों के शैक्षिक स्तर में सुधार तथा संस्थानों के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता और उत्साह के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
भेंटवार्ता के दौरान अशासकीय विद्यालयों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल में परिषद के महासचिव भगवान सिंह सामंत, मनोज पांडे, बिशन सिंह मेहता, तारा बोरा, शबनम अहमद, सीमा बर्गली, फरहत, पुष्पा गोस्वामी तथा नरेंद्र कोरंगा उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी