एनजीटी सदस्य डॉ. अहमद 2 को नैनीताल में करेंगे पर्यावरणीय मुद्दों की समीक्षा

 


नैनीताल, 01 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (एनजीटी) की नई दिल्ली स्थित प्रधान पीठ के सदस्य एवं उच्च न्यायालय के न्यायाधीश स्तर के अधिकारी डॉ. अफरोज अहमद मंगलवार दो जून को नैनीताल पहुंचकर जनपद की पर्यावरणीय योजनाओं एवं विभिन्न पर्यावरणीय मुद्दों की समीक्षा करेंगे। इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय ने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किये हैं।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि दो जून को पूर्वाह्न 11 बजे नैनीताल क्लब में जनपद के सभी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित होगी। बैठक में जिला पर्यावरण योजना के निर्माण, पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों तथा एनजीटी द्वारा समय-समय पर पारित आदेशों एवं निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा की जाएगी। बैठक के लिए वन विभाग एवं उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोडल विभाग नामित किया गया है।

सभी विभागीय अधिकारियों को अद्यतन सूचनाओं एवं प्रगति प्रतिवेदन के साथ निर्धारित समय पर बैठक में प्रतिभाग करने के निर्देश दिए गये हैं। बैठक में जनपद के पर्यावरणीय प्रबंधन, संरक्षण उपायों तथा न्यायाधिकरण के निर्देशों के अनुपालन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी