आचार्य प्रश्नमंच में नई टिहरी, आशुभाषण में जाखणीधार रहा विजेता

 


नई टिहरी, 13 सितंबर (हि.स.)। विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई टिहरी में आयोजित संकुल स्तरीय सांस्कृतिक महोत्सव में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने गीत, नृत्य, आशुभाषण, अंताक्षरी, गीत, श्लोक, प्रश्नमंच, लोक संस्कृति से जुड़ी मनमोहक प्रस्तुतियां दी। महोत्सव के आचार्य प्रश्नमंच में नई टिहरी, आशुभाषण में जाखणीधार विजेता बना।

रविवार को विद्या मंदिर में आयोजित महोत्सव का पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनाई, पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत, भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सुशील बहुगुणा ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। कहा कि विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ रचनात्मक कार्यक्रम में निरंतर होने चाहिए। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक सरोकारों पर आधारित विविध प्रस्तुतियां पेश की।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के साथ-साथ उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक भी प्रस्तुत की। प्रधानाचार्य बीडी कुनियाल ने बताया कि महोत्सव के संकुल स्तर पर जाखणीधार प्रथम, नई टिहरी द्वितीय, चंबा तृतीय स्थान पर रहा। जबकि आचार्य प्रश्न मंच में नई टिहरी, प्रश्न मंच के बाल, किशोर वर्ग चंबा, तरुण वर्ग में जाखणीधार प्रथम स्थान पर रहा।

आशुभाषण किशोर वर्ग में जाखणीधार, तरुण में चंबा पहले स्थान पर रहा। गीत बाल, किशोर वर्ग में जाखणीधार, तरुण वर्ग में नई टिहरी प्रथम स्थान पर रहा। लोकनृत्य में नई टिहरी की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। इस मौके पर संकुल प्रमुख इंद्रपाल परमार, रविंद्र सेमवाल, डॉ. प्रमोद उनियाल, विक्रम कठैत, राकेश बडोनी, सुरेन्द्र मैठाणी, सुषमा उनियाल, रवि गुसाईं, कविता, रविंद्र नेगी, आनंद पुंडीर, दिनेश बहुगुणा, राजेंद्र मिश्रवाण मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी