नीट-यूजी पुनर्परीक्षा की तैयारियों का लिया जायजा
देहरादून, 20 जून (हि.स.)। नीट-यूजी पुनर्परीक्षा को लेकर पुलिस ने शनिवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था परखी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने अधीनस्थ अधिकारियों को सुरक्षा के समुचित प्रबन्ध सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।
पुलिस अधीक्षक अपराध, नगर, ग्रामीण एवं संबंधित क्षेत्राधिकारियों द्वारा अलग-अलग थाना क्षेत्रों में स्थित परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व अन्य व्यस्थाओ का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केन्द्रों में स्थापित किये गये कंट्रोल रूम, जैमर, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, सीटिंग प्लान, प्रवेश व निकासी के मार्गों आदि व्यवस्थाओं की जांच करते हुए उपस्थित अधिकारियों को निष्पक्ष व पारदर्शी परीक्षा के लिये सुरक्षा के समुचित प्रबन्ध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशालाओं आदि की नियमित रूप से चेकिंग करते हुए वहां रुके व्यक्तियों के संबंध में जानकारी प्राप्त करने व संदिग्ध व्यक्तियो से पूछताछ कर उनके सत्यापन की कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये गये।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल