वन्य प्राणी सप्ताह के पांचवें दिन नेचर वॉक, पेंटिंग और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित

 


नैनीताल, 06 अक्टूबर (हि.स.)। वन्य प्राणी सप्ताह-2026 के पांचवें दिन मंगलवार को नैनीताल वन प्रभाग की ओर से नेचर वॉक, पेंटिंग एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

प्राणी उद्यान के निदेशक प्रभागीय वनाधिकारी-नैनीताल आकाश गंगवार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में नेचर वॉक अयार जंगल कैंप से टिफिन टॉप तक आयोजित कर वापस अयार जंगल कैंप में समाप्त हुई। इसमें 50 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

इस दौरान पक्षी विशेषज्ञ जगजीवन सिंह धामी ने प्रतिभागियों को टिफिन टॉप क्षेत्र की जैव विविधता की जानकारी दी, जबकि बायोलॉजिस्ट अनुज कांडपाल ने नेचर बिंगो के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रकृति के बारे में बताया। क्लीन नैनीताल के सदस्यों ने प्लास्टिक प्रदूषण, कूड़े के वर्गीकरण और पुनः प्रयोज्य सामग्री के प्रयोग की जानकारी दी।

इस दौरान आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में कक्षा 3 से 12 तक के विद्यार्थियों ने तीन वर्गों में भाग लिया। वहीं कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए दो वर्गों में निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें वन्यजीव, जंगल संरक्षण, औषधीय पौधों और पारिस्थितिकी तंत्र जैसे विषय रखे गए। कार्यक्रमों में नगर के विभिन्न विद्यालयों के कुल 145 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रजनी रावत ने किया।

वन्य प्राणी सप्ताह के अवसर पर नैनीताल वन प्रभाग के विभिन्न विद्यालयों के कुल 205 विद्यार्थियों को प्राणी उद्यान नैनीताल का निःशुल्क भ्रमण भी कराया गया। कार्यक्रम में उप निदेशक स्वाति सहित वन विभाग एवं प्राणी उद्यान के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी