वन एवं वन्यजीव संरक्षण में बलिदान को किया याद

 


देहरादून, 11 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय वन शहीद दिवस के अवसर पर शुक्रवार को देहरादून में अलग-अलग कार्यक्रमों में वनों एवं वन्यजीवों की सुरक्षा और संरक्षण के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) के फॉरेस्टर मेमोरियल और अंसारी रोड स्थित वन शहीद स्मारक में आयोजित कार्यक्रमों में वन अधिकारियों, वैज्ञानिकों और कर्मचारियों ने शहीद वन कर्मियों को याद किया।

एफआरआई के ब्रैंडिस रोड स्थित फॉरेस्टर मेमोरियल में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत दो मिनट का मौन रखकर की गई। इसके बाद वरिष्ठ वन अधिकारियों, वैज्ञानिकों, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (आईजीएनएफए) के प्रोबेशनर्स तथा केंद्रीय राज्य वन सेवा अकादमी (सीएएसएफओएस) के प्रशिक्षुओं ने स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर महानिदेशक वन एवं पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के विशेष सचिव सुशील कुमार अवस्थी, भारतीय वानिकी अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद (आईसीएफआरई) की महानिदेशक कंचन देवी, आईजीएनएफए के निदेशक डॉ. राजेंद्र प्रसाद खजूरिया, भारतीय वन्यजीव संस्थान के निदेशक डॉ. गोविंद सागर भारद्वाज और एफआरआई के निदेशक डॉ. सुधीर कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

वहीं, अंसारी रोड स्थित वन शहीद स्मारक स्थल पर प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल की अध्यक्षता में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित वन अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद वन कर्मियों को याद किया और स्मारक पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर प्रमुख वन संरक्षक, वन पंचायत एस.पी.सुबुद्धी, प्रमुख वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक नीना ग्रेवाल, अपर प्रमुख वन संरक्षक सुरेंद्र मेहरा, मुख्य वन संरक्षक पी.के. पात्रो, मुख्य वन संरक्षक गढ़वाल डॉ.धीरज पांडे,वन संरक्षक शिवालिक वृत्त राजीव धीमान और राजाजी टाइगर रिजर्व की निदेशक डॉ. कोको रोसे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रमों में वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए शहीद हुए वन कर्मियों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को स्मरण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि वन शहीदों का बलिदान वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति वन विभाग के दायित्व और प्रतिबद्धता की याद दिलाता है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय