नना ना रे, ना रे, साढ़े नाल रहोगे तो ऐश करोगे पर दर्शकों ने लगाए ठुमके
नई टिहरी, 19 अक्टूबर (हि.स.)। सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध गायक दलेर मेहंदी ने अपने सहयोगी कलाकारों के साथ पंजाबी सहित फिल्मी गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का जमकर मनोरंजन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों ने देर रात तक गीत-संगीत पर थिरकते रहे।
रविवार शाम को 50वें सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध गायक दलेर मेहंदी के मंच पर आते ही युवाओं को खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने नमो-नमो, रब-रब, नना ना रे, हो जाएगी बल्ले-बल्ले सहित साथी कलाकारों के साथ कई गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
इस दौरान दर्शकों से भरे पांडाल में युवा पंजाबी गीतों पर थिरकते रहे। मेला समिति की ओर से बताया गया कि सांस्कृतिक संध्या में पहले सुप्रसिद्ध गायिका सुनंदा शर्मा की प्रस्तुति प्रस्तावित थी। लेकिन ऐन वक्त पर स्वास्थ्य कारणों से उनका कार्यक्रम निरस्त हो गया।
उसके बाद प्रसिद्ध पंजाबी गायक दिलेर मेंहदी के सहयोगी कलाकारों के पंजाबी गानों की कई प्रस्तुतियां दी। सांस्कृतिक संध्या में पहुंचे युवाओं में इतना जोश देखा गया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी वह देर रात तक डीजे की धुन पर थिरकते रहे। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, पालिकाध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, भाजपा मंडल अध्यक्ष व सभासद साकेत बिजल्वाण, महेश गुसाईं और राजेंद्र सिंह रावत आदि मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी