सप्ताहांत पर नैनीताल पुलिस सतर्क, काले शीशों और भ्रामक नंबर प्लेट वाले 3 वाहनों के 1-1 हजार रुपये के चालान
नैनीताल, 10 मई (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपद के विभिन्न पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर सप्ताहांत के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस, सीपीयू एवं थाना पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
एसपी अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र तथा एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण में नैनीताल, कैंची धाम, भवाली, भीमताल, हल्द्वानी, काठगोदाम, रामनगर, मुखानी और कालाढूंगी क्षेत्रों में सुबह से ही विशेष यातायात प्रबंधन व्यवस्था लागू की गई।
इस दौरान पुलिस द्वारा विशेष रूप से काले शीशे, अवैध अथवा भ्रामक नंबर प्लेट और नियमों के विरुद्ध मॉडिफाइड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन वाहनों को अनियमितता पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत एक-एक हजार रुपये के चालान की कार्रवाई की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी