यूकेएसएसएससी स्नातक स्तरीय परीक्षा : 57 केंद्रों पर 23,483 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
नैनीताल, 13 जून (हि.स.)। यूकेएसएसएससी यानी उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा रविवार 14 जून को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, गोपनीयता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार जनपद नैनीताल में परीक्षा के लिए कुल 57 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 23,483 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र में अंकित निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा तथा आयोग द्वारा प्रतिबंधित किसी भी वस्तु को परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। पूर्व में प्रतियोगी परीक्षाओं में संदिग्ध रहे व्यक्तियों का सत्यापन और उनकी गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। साथ ही विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की भ्रामक सूचना, अफवाह या अवैध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा है कि परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित करने, अनुचित साधनों का प्रयोग करने अथवा परीक्षा की गोपनीयता भंग करने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति या गिरोह के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी