विद्यालय की जर्जर हालत पर ब्लॉक प्रमुख ने जताई नाराजगी
नैनीताल, 24 जुलाई (हि.स.)। नैनीताल जनपद के विकासखंड भीमताल के ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने ग्राम पंचायत हरिनगर जंगलियागांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति देखकर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे शिक्षा विभाग के अधिकारियों की गंभीर लापरवाही बताया।
निरीक्षण में पाया गया कि विद्यालय की छत से पानी टपक रहा है, जिससे कमरों में पानी भर रहा है। भवन के कई खिड़की-दरवाजे भी टूटे हुए हैं। ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि ऐसी स्थिति में विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं सुचारु रूप से अध्ययन करना कठिन है।
डॉ. बिष्ट ने बताया कि इस विद्यालय की स्थापना का इतिहास भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आठ अगस्त 1995 को तत्कालीन राज्यपाल मोतीलाल बोरा ने इस स्थान पर गांधी ग्राम का उद्घाटन किया था। उसी कार्यक्रम के दौरान विद्यालय भवन की नींव रखी गई थी। पिछले लगभग 30 वर्षों से यहां नियमित रूप से पठन-पाठन हो रहा है तथा वर्तमान में भी विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या अन्य विद्यालयों की तुलना में संतोषजनक है।
उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विद्यालय भवन की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही अभिभावकों को आश्वस्त किया कि वह अपने स्तर से भी विद्यालय भवन के सुधार के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे, ताकि बच्चों को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा मिल सके।
इससे पूर्व ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट एवं खंड विकास अधिकारी हर्षित गर्ग ने हरिनगर स्थित सस्ता गल्ला विक्रेता की दुकान का भी निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। हरिनगर पहुंचने पर ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रमुख का स्वागत किया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान जानकी आर्य, ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गंगोला, ग्राम प्रधान जंगलिया गांव राधा कुल्याल, ग्राम प्रधान सोनगांव मुकेश पलड़िया, पूर्व प्रधान वीरेंद्र कुमार, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सोबन राम, दीपा पड़ियार, प्रेम सिंह कुल्याल, नीरज पड़ियार, लक्ष्मी देवी, दीपा देवी, लीला देवी, जगत राम, गोपाल राम, राजेंद्र सिंह पड़ियार, रमेश चंद्र आर्य, कुंदन सिंह जीना, कमल कुल्याल सहित अनेक अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी