रामनगर का नगर वन बना प्रकृति और पर्यटन का नया आकर्षण
हल्द्वानी , 13 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप उत्तराखंड में पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्यटन विकास और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयास अब नजर आने लगे हैं।
कॉर्बेट नेशनल पार्क के लिए विश्व प्रसिद्ध रामनगर में विकसित नगर वन (सिटी फॉरेस्ट) प्रकृति संरक्षण, मनोरंजन और पर्यटन के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है। रामनगर वन प्रभाग की ओर से 47.60 लाख रुपये की लागत से 17 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित यह नगर वन बच्चों, स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है।नगर वन में प्रकृति और जैव विविधता को संरक्षित करने के साथ लोगों को पर्यावरण से जोड़ने के उद्देश्य से कई आकर्षक वाटिकाएं विकसित की गई हैं।
इनमें नवग्रह वाटिका, नक्षत्र वाटिका, पंचवटी, बाल वाटिका, तितली वाटिका, गुलाब वाटिका, रुद्राक्ष वाटिका, त्रिफला वाटिका, मियावाकी वन और पॉलिनेटर पार्क प्रमुख हैं। इन स्थलों के माध्यम से लोगों को विभिन्न प्रजातियों के पौधों, प्राकृतिक पारिस्थितिकी और जैव विविधता को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है।नगर वन में विकसित बाल वाटिका बच्चों के लिए खास आकर्षण बनी हुई है। यहां बच्चे खेलकूद और मनोरंजन के साथ प्रकृति को करीब से समझ सकते हैं। वहीं, करीब दो किलोमीटर लंबा वॉकिंग ट्रैक स्थानीय नागरिकों को हरियाली के बीच सुबह-शाम टहलने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का अवसर प्रदान कर रहा है। प्राकृतिक वातावरण में विकसित यह स्थल शहरवासियों के लिए सुकून और सैर-सपाटे का बेहतर विकल्प बन रहा है।
कॉर्बेट नेशनल पार्क आने वाले पर्यटकों के लिए रामनगर का नगर वन एक अतिरिक्त आकर्षण के रूप में विकसित हो रहा है। यहां प्रकृति भ्रमण, बर्ड वॉचिंग और एडवेंचर गतिविधियों के जरिए पर्यटक वन्य प्रकृति और जैव विविधता का नया अनुभव ले सकते हैं। पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय गाइड, परिवहन, खानपान और छोटे कारोबार से जुड़े लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करने पर जोर दे रही है। रामनगर का नगर वन इसी सोच का उदाहरण है, जहां हरियाली और जैव विविधता के संरक्षण के साथ पर्यटन को बढ़ावा देने तथा स्थानीय लोगों की आजीविका के नए अवसर विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता