दून-मसूरी मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित, धारचूला-तवाघाट मार्ग पर यातायात सुचारू

 






- पानीवाला बैंड पर दीवार क्षतिग्रस्त, कुलागाड़ पुल के स्थान पर वैकल्पिक पुल तैयारदेहरादून, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड में बारिश के बीच देहरादून-मसूरी और धारचूला-तवाघाट मार्ग पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास सड़क की पूर्व निर्मित दीवार क्षतिग्रस्त होने के कारण भारी वाहनों की आवाजाही अग्रिम आदेशों तक प्रतिबंधित कर दी गई है। वहीं, धारचूला-तवाघाट एनएच (बीआरओ) मोटर मार्ग पर क्षतिग्रस्त कुलागाड़ पुल के स्थान पर वैकल्पिक पुल तैयार कर वाहनों की आवाजाही सुचारू कर दी गई है।

देहरादून-मसूरी मार्ग पर अत्यधिक बारिश के कारण पानीवाला बैंड के पास सड़क की पूर्व निर्मित दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। आमजन की सुरक्षा को देखते हुए उप जिला मजिस्ट्रेट, मसूरी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी है। संबंधित विभाग की ओर से क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का काम किया जा रहा है।

प्रशासन और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने यात्रियों से अत्यधिक बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा यात्रा से पहले मार्ग और मौसम की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है। भूस्खलन और क्षतिग्रस्त मार्ग वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने तथा प्रशासन और पुलिस के यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

उधर, पिथौरागढ़ जिले में धारचूला-तवाघाट एनएच (बीआरओ) मोटर मार्ग पर 19 अगस्त को पत्थर और बोल्डर गिरने से कुलागाड़ पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। संबंधित विभाग ने मौके पर वैकल्पिक पुल तैयार कर दिया है, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही सुचारू हो गई है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय