नशा मुक्ति केंद्र में हत्या: भर्ती युवक का गला रेतकर कत्ल, बाथरूम में मिला शव
हरिद्वार, 13 मई (हि.स.)। जनपद के रूड़की के नशा मुक्ति केंद्र के भीतर हुई सनसनीखेज हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के भंगेड़ी गांव स्थित अनमोल नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवक का खून से लथपथ शव बाथरूम में मिलने से अफरा-तफरी मच गई। युवक की हत्या गला रेतकर किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के बसेड़ी गांव निवासी 39 वर्षीय आशीष पिछले काफी समय से नशे की लत से जूझ रहा था। करीब तीन महीने पहले परिजनों ने उसे उपचार के लिए नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। बताया गया कि केंद्र में भर्ती एक अन्य युवक बाथरूम में पहुंचा तो वहां का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। बाथरूम के भीतर आशीष का शव लहूलुहान हालत में पड़ा था और उसका गला किसी धारदार हथियार से रेता गया था। शोर मचाने पर केंद्र संचालक और अन्य लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने केंद्र में मौजूद मरीजों और कर्मचारियों से पूछताछ की है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक आशंका है कि वारदात को केंद्र में भर्ती किसी मरीज ने ही अंजाम दिया हो सकता है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। इस संबंध में इंस्पेक्टर प्रदीप बिष्ट ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला