सांसद प्रतिनिधि गोपाल बने भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य

 


नैनीताल, 10 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वारा घोषित नई प्रदेश कार्यसमिति में नैनीताल निवासी सांसद प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता गोपाल रावत को पुनः प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोनीत किया गया है। गोपाल रावत के प्रदेश कार्यसमिति में शामिल होने पर क्षेत्रवासियों और विशेषकर दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों में उत्साह है। लोगों ने उम्मीद जताई है कि नई जिम्मेदारी से क्षेत्र की जनसमस्याओं और विकास से जुड़े विषयों को प्रदेश नेतृत्व के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने का अवसर मिलेगा। गोपाल रावत लंबे समय से भाजपा संगठन और समाजसेवा से जुड़े रहे हैं तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, मूलभूत सुविधाओं और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने गोपाल रावत के मनोनयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके नए दायित्व के सफल निर्वहन की कामना की है।

उल्लेखनीय है कि भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में 121 सदस्य, 32 विशेष आमंत्रित तथा 25 स्थायी आमंत्रित सदस्यों सहित कुल 178 नेताओं को स्थान दिया गया है। नैनीताल निवासी गोपाल रावत को पुनः प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाया गया है। उनके साथ ही नैनीताल जनपद से पूर्व विधायक नवीन दुम्का, पूर्व मंत्री गोविंद सिंह बिष्ट और वरिष्ठ नेता बिंदेश गुप्ता को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया, हल्द्वानी के पूर्व महापौर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, पूर्व ब्लॉक प्रमुख शांति भट्ट, कांग्रेस सरकार में दर्जा राज्य मंत्री रहे महेश शर्मा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रकाश गरजौला के साथ राकेश नैनवाल, प्रदीप बिष्ट, कमल नयन जोशी, मनोज पाठक, खीमानंद शर्मा, दिनेश खुल्बे, मनीष अग्रवाल, जगमोहन बिष्ट और तरुण पंत को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और नैनीताल के सांसद अजय भट्ट, हल्द्वानी के विधायक बंशीधर भगत और भीमताल के विधायक राम सिंह कैड़ा को स्थायी आमंत्रित पदेन सदस्य बनाया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी