ज्योलीकोट में दूषित पानी से 60 से अधिक लोग बीमार, बच्चों को आईसीयू में भर्ती कराने की नौबत

 


नैनीताल, 27 अगस्त (हि.स.)। नगर के निकटवर्ती ज्योलीकोट और आसपास के क्षेत्रों में दूषित पानी के कारण डायरिया और पीलिया जैसी बीमारियां फैलने की शिकायत सामने आई है। पिछले छह-सात दिनों में करीब 60 से 65 लोगों के इसकी चपेट में आने की बात कही गई है, जबकि कई छोटे बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा। मामले को लेकर पूर्व ज्येष्ठ उप प्रमुख हिमांशु पांडे के नेतृत्व में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों को मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में दूषित पानी की समस्या का तत्काल समाधान कराने और प्रभावित लोगों को राहत देने की मांग रखी। जिलाधिकारी की त्वरित कार्रवाई पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की जनता की ओर से उनका आभार जताया। ज्ञापन देने वालों में कांग्रेस ज्योलिकोट-खुर्पाताल के ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र सिंह कोटलिया, ग्राम प्रधान नवल कुमार, उप प्रधान मनोज बरगली, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज चनियाल, सूरज पांडे, नितिन कुमार, प्रशांत कुमार और हरीश पांडेय सहित अन्य लोग शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी