टिहरी जिले में 16 हजार से अधिक नागरिकों ने कराई स्व-गणनाः डीएम

 

नई टिहरी, 29 नवंबर (हि.स.)। केंद्र सरकार के निर्देश के तहत जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्व गणना कार्यक्रम में टिहरी जिले ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल की है। जनपद को स्वगणना के लिए 13 हजार का लक्ष्य प्राप्त हुआ था, जिसके सापेक्ष अब तक 16 हजार से अधिक नागरिकों ने ऑनलाइन माध्यम से स्व गणना कर दी है।

स्वगणान अभियान में जिले के सभी विधायकों सहित जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए स्वयं स्वगणना कराते हुए आमजन को प्रेरित किया। जनगणना के द्वितीय चरण के तहत 16 से 30 नवंबर तक संचालित स्वगणना कार्यक्रम में नागरिकों को निर्धारित ऑनलाइन ऐप के माध्यम से स्वयं अपनी एवं अपने परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज करनी थी। डीएम नितिका खंडेलवाल ने बताया कि जिले की कुल 1049 ग्राम पंचायतों में निर्वाचित 1048 ग्राम प्रधानों ने स्वगणना अभियान में शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करते हुए स्वयं भी स्वगणना की।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी