किच्छा में कम्युनिटी हॉल निर्माण रुका, विधायक बेहड़ धरने पर बैठे
रुद्रपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। किच्छा में करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कम्युनिटी हॉल के निर्माण कार्य में देरी ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। भूमि पूजन के लगभग दो सप्ताह बाद भी काम शुरू न होने पर किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने बृहस्पतिवार को मंडी परिषद मुख्यालय पहुंचकर धरना दिया।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद यह परियोजना किच्छा क्षेत्र के लोगों को शादी-विवाह, सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए आधुनिक सुविधाओं वाला कम्युनिटी हॉल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि 8 जुलाई को भूमि पूजन होने के बावजूद विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के कारण निर्माण कार्य पूरी तरह रुका रहा।
विधायक बेहड़ ने कहा कि भूमि पूजन के बाद उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी से संपर्क कर कार्य शुरू कराने का आग्रह किया था। हालांकि, उनके अनुसार, किसी ने भी मामले को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने यह भी बताया कि निर्माण स्थल का लेआउट भी समय पर तैयार नहीं किया गया और न ही जिम्मेदार अधिकारी मौके का निरीक्षण करने पहुंचे, जिससे परियोजना में लगातार देरी होती रही।
विधायक बेहड़ के धरने की चेतावनी और विरोध प्रदर्शन शुरू करने के बाद विभाग हरकत में आया। इसके तुरंत बाद निर्माण स्थल का लेआउट तैयार किया गया और मजदूरों को भी मौके पर भेजा गया। विधायक ने इस स्थिति को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता के विकास कार्य शुरू कराने के लिए धरना देना पड़ रहा है। यहां विधायक ने क्षेत्र में चल रहे अस्पताल निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर भी चिंता व्यक्त की।
हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी