विधायक शक्ति लाल ने विधायक निधि से निर्गत की बस
नई टिहरी, 12 अगस्त (हि.स.)। नगर पंचायत चमियाला को क्षेत्रीय विधायक शक्ति लाल शाह ने अपनी विधायक निधि से एक बस निर्गत की है। निकाय चुनाव के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद सिंह राणा ने छात्र-छात्राओं के लिए बस देने का वादा किया था। अब करीब डेढ़ साल बाद विधायक शाह के सहयोग से उन्होंने वादा पूरा किया है।
बताया विधायक निधि से बस क्रय की गई। जिसका संचालन, ईंधन सहित रखरखाव नगर पंचायत करेगी। बताया कि बस सेवा से बालगंगा महाविद्यालय सेंदुल में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को आवागमन में राहत मिलेगी। खासकर दूरस्थ क्षेत्रों से महाविद्यालय आने वाले विद्यार्थियों को निजी वाहनों और किराये के साधनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। बताया कि बस का विधिवत शुभारंभ 15 अगस्त को विधायक शाह और वह करेंगे। बुधवार को बस के संचालन से पूर्व बेलेश्वर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की गई। नगर पंचायत अध्यक्ष राणा ने बताया कि चुनाव के दौरान जनता और विद्यार्थियों से किया गया वादा पूरा कर दिया है। उन्होंने विधायक शाह का भी आभार जताया है। इधर, विधायक शक्ति लाल शाह ने कहा कि चमियाला से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सेंदुल महाविद्यालय में शिक्षा ग्रहण करने के जाते हैं। ऐसे में यह बस उनको आवागमन की सहूलियत देगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी