मिशन शक्ति की टीम ने मुस्लिम मोहल्ले में जागरुकता अभियान
नई टिहरी, 23 नवंबर (हि.स.)। महिला सशक्तिकरण और बाल विकास विभाग की मिशन शक्ति टीम ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत बौराड़ी मुस्लिम मोहल्ले में जागरुकता अभियान चलाया। मुस्लिम समुदाय के लोगों को बाल विवाह की रोकथाम के प्रति जागरूक करते हुए इस सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करने में सहयोग की अपील की गई।
मिशन शक्ति के जिला मिशन कोऑर्डिनेटर रमेश डंगवाल ने बताया कि अभियान के तहत समुदाय के लोगों को बाल विवाह से संबंधित कानूनी प्रावधानों और उसके दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास को प्रभावित करता है। इसके प्रभावी रोकथाम के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है।
उन्होंने लोगों से बाल विवाह की जानकारी मिलने पर इसकी रोकथाम के लिए आगे आने की अपील की। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के नवीन ने मुस्लिम समुदाय की महिलाओं को बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई। इस दौरान बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी