नैनीताल में मेधावी छात्रा फंदे से लटकी मिली
नैनीताल, 05 मई (हि.स.)। मल्लीताल क्षेत्र स्थित स्टाफ हाउस परिसर में मंगलवार सुबह एक युवती के फंदे से लटककर जान देने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रारंभ की गई। मृतका एक मेधावी छात्रा थी। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद वर्तमान में वह बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा थी। पुलिस को उसके पास से कोई सुसाइड नोट अथवा मोबाइल फोन में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना का पता तब चला जब सिमरन आर्या नाम की 20 वर्षीय छात्रा ने सुबह देर तक अपने कमरे का द्वार नहीं खोला। इस पर परिजनों और पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर भीतर देखा, जहां वह दुपट्टे से फंदे पर लटकी मिली।
सूचना मिलने पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे कोतवाल हेम चंद्र पंत ने घटना की संदिग्धता को देखते हुए प्रकरण की जांच के लिए फारेंसिक दल को मौके पर बुलाया और साक्ष्य संकलित करवाए।
बताया गया है कि परिजनों द्वारा शव को पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही फंदे से नीचे उतार लिया गया था। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों के अनुसार सिमरन आर्या अध्ययन में मेधावी थी और शिक्षक बनने का लक्ष्य रखती थी। उसने पूर्व में माध्यमिक व उच्च माध्यमिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए थे। वह कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में अध्ययनरत थी और मल्लीताल में किराए पर निवास करती थी।
नगर कोतवाल हेम चंद्र पंत ने बताया कि युवती की मौत समझ से परे हैं। उसके पास से कोई सुसाइड नोट या उसके मोबाइल में भी कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। उन्होंने परिजनों के हवाले से बताया कि युवती कुछ माह से खाना कम खा रही थी, उसे भूख नहीं लगती थी, इसका उपचार भी चल रहा था। एक शिक्षक द्वारा उसे कक्षा में सबके सामने डांटे जाने के आरोप भी परिजनों की ओर से सामने आ रहे हैं लेकिन नगर कोतवाल ने ऐसे आरोपों के सामने आने से इंकार करते हुए कहा कि ऐसे कोई तथ्य सामने आएंगे तो उनकी भी जांच की जाएगी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल ने बताया कि आपात सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और प्रकरण की गहन जांच जारी है। पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर मृत्यु के कारणों का स्पष्ट निर्धारण किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी