गोल्डन कार्ड की विसंगतियां दूर न होने पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों में रोष

 


पौड़ी गढ़वाल, 07 अक्टूबर (हि.स.)।गढ़वाल सेवानिवृत्त कर्मचारी समिति की बैठक संघ भवन पौड़ी में अध्यक्ष सुरेश चंद्र बड़थ्वाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में गोल्डन कार्ड की विसंगतियां दूर नहीं किए जाने पर सदस्यों ने नाराजगी जताई। उन्होंने शासन को ज्ञापन भेजकर समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की।

सदस्यों ने गोल्डन कार्ड के लिए कर्मचारियों और पेंशनरों से अंशदान बढ़ाए जाने का भी विरोध किया। वरिष्ठ सदस्यों ने घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी में हो रही परेशानी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग और डीएसी नंबर आवंटित होने के 10-15 दिन बाद भी सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। कई उपभोक्ताओं के मोबाइल पर सिलेंडर डिलीवर होने का संदेश आ रहा है, जबकि वास्तविकता में उन्हें सिलेंडर नहीं मिला है। इस पर समिति ने जिलाधिकारी से तथ्यों सहित मुलाकात करने का निर्णय लिया। समस्या का समाधान नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई।

बैठक में श्रीनगर रोड स्थित शवदाह के लिए लकड़ी टाल के सुदृढ़ीकरण और टिन शेड निर्माण के लिए जिलाधिकारी द्वारा अनटाइड फंड से नगर पालिका को 14.20 लाख रुपये स्वीकृत किए जाने पर सदस्यों ने उनका आभार जताया।

इस दौरान अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए जगमोहन सिंह नेगी और बिक्रम सिंह पुंडीर ने समिति की सदस्यता ग्रहण की। पदाधिकारियों ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया।

बैठक में संरक्षक सरदार सिंह रावत, सचिव दिनेश रावत, सलाहकार बिक्रम सिंह राणा, उपाध्यक्ष केदार सिंह गुसाईं, संयोजक राजेंद्र सिंह नेगी, उप सचिव धनीराम, कोषाध्यक्ष श्रीधर सिंह पंवार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। संचालन महासचिव जसपाल सिंह रावत ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह