महक व प्रमोद ने बढ़ाया पौड़ी का मान
पौड़ी गढ़वाल, 25 अप्रैल (हि.स.)। बोर्ड परीक्षाओं में शहर के स्कूलों ने निराश किया वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। जिले में पाबौ ब्लाक के जनता इंटर कालेज पोखरीखेत की छात्रा महक ने इंटर में 96 फीसदी अंक हासिल कर प्रदेश की मेरिट सूची में सातवां स्थान हासिल किया।
महक ने हाईस्कूल में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाही महक ने हिम्मत नहीं हारी और इंटरमीडिएट की परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। महक ने पूर्व में हाईस्कूल परीक्षा में भी 95.80 फीसदी अंकों के साथ प्रदेश में 19वाँ स्थान प्राप्त कर अपनी मेधा का उत्कृष्ट परिचय दिया था। उनकी यह सतत उत्कृष्टता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। महक की इस उपलब्धि से शिक्षा विभाग के साथ ही स्कूल परिसर के साथ ही परिजनों में खुशी बनी हुई है। वहीं, जिले के कल्जीखाल ब्लाक के राइंका पुरियाडांग के 10 वीं के छात्र प्रमोद कुमार मंदोला ने 94फीसदी अंक पाकर प्रदेश की मेरिट सूची में 15 स्थान पाया है।
प्रमोद कुमार की माता कविता देवी आंगनबाड़ी कार्यकत्री है। जबकि पिताजी विधानचंद मंदोला वाहन चालक है। प्रमोद की इस सफलता पर क्षेत्र में खुशी का माहौल बना हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह