मुस्लिम समुदाय के लोगों ने दिया भाईचारे का संदेश
नई टिहरी, 28 अगस्त (हि.स.)। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति का बेमियादी धरना और क्रमिक अनशन शुक्रवार को 13वें दिन भी जारी रहा। रक्षाबंधन के पर्व पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने आंदोलन की कमान संभालकर सामाजिक भाईचारे और मेडिकल कॉलेज निर्माण की आवश्यकता का संदेश दिया।
गणेश चौक बौराड़ी में मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर धरना जारी रहा, जबकि भाजपा नेता जीतराम भट्ट का सत्याग्रह भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने कहा कि सरकार को मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज के निर्माण की दिशा में शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए।
संघर्ष समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल, बोट यूनियन के पूर्व अध्यक्ष लखबीर चौहान, व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवराज सजवान और संदीप रावत ने कहा कि मेडिकल कॉलेज नई टिहरी और आसपास के क्षेत्रों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सरकार को जनभावनाओं को देखते हुए इस मामले में जल्द निर्णय लेना चाहिए।
धरने में मोहम्मद अली, अब्दुल सलाम, फरहान खान, सरताज अली, असद अली, इमरान खान, आसिफ खान, मोहसिन त्यागी, सुहेब खान, एपीजे अब्दुल कलाम विचार मंच के प्रदेश अध्यक्ष असद आलम, सईद अहमद, मुकीम खान, जहीर बेग, जुनैद खान, दानिश बेग, बशीर अहमद, मोहम्मद शरीफ, हाशिम बेग, आबिद अहमद, साजिद रहमान और मोहम्मद परवेज सहित अन्य लोग शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी