पदक विजेता 243 खिलाड़ियों को मिलेगी आउट ऑफ टर्न नियुक्ति

 


देहरादून, 22 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता 243 खिलाड़ियों को विभिन्न विभागों में आउट ऑफ टर्न नियुक्ति दी जाएगी। खेल नीति-2021 के तहत इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया है।

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि नियुक्ति पाने वाले खिलाड़ियों में 34 स्वर्ण, 115 रजत और 94 कांस्य पदक विजेता शामिल हैं। इन खिलाड़ियों को खेल एवं युवा कल्याण, गृह, परिवहन, वन और शिक्षा समेत विभिन्न विभागों में राजपत्रित एवं अराजपत्रित पदों पर नियुक्ति दी जाएगी।

खेल मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाओं के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन करने के साथ अपना भविष्य भी सुरक्षित कर सकें। उन्होंने कहा कि आउट ऑफ टर्न नियुक्ति से प्रतिभावान खिलाड़ियों को खेल के साथ अपने भविष्य को सुरक्षित करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए सभी पदक विजेता खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को बधाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय