वन महोत्सव सप्ताह के तहत नैनीताल में पौधारोपण, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को मिला बल
नैनीताल, 06 जुलाई (हि.स.)। वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, वन विभाग तथा डीएसबी परिसर में सोमवार को अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से वृहद स्तर पर पौधारोपण किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए 200 से अधिक पौधे रोपे गए तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लोगों से पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।
उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश तथा जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रशांत जोशी के मार्गदर्शन में सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पारुल थपलियाल के नेतृत्व में वन विभाग के सहयोग से बजून, पाटीयाखान और फगुनियाखेत क्षेत्र में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में वन दरोगा अशोक कुमार आर्या, ग्राम प्रधान जानकी, यशवंत कुमार, वन आरक्षी हरीश सिंह, मनोज बलसुनी तथा ग्रामीणों ने पद्म, त्रिलोच, पांगर, पुतली और बांज आदि प्रजातियों के 200 से अधिक पौधे रोपे। वहीं डीएसबी परिसर के वनस्पति विज्ञान विभाग में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विज्ञान संकाय के अध्यक्ष प्रो. संजय पंत, सहायक लेखाधिकारी हिमांशु मठपाल तथा विभागाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी ने देवदार, बांज, बुरांश, पद्म और हाइड्रेंजिया के पौधे रोपे। प्रो. पंत ने पौधारोपण को जीवन की सार्थक पहल बताते हुए प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया, जबकि हिमांशु मठपाल ने इसे मानव का सबसे बड़ा दायित्व बताया।
प्रो. तिवारी ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान भारत सरकार की पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम के लिए सभी पौधे वन क्षेत्राधिकारी आनंद लाल आर्य ने उपलब्ध कराए। कार्यक्रम में डॉ. भारत घनश्याल, डॉ. नवीन पांडे, नंदा बल्लभ पालीवाल, वसुंधरा, लता नितवाल, शीतल कोरंगा, विशाल और लीला सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी