कोटाबाग से शुरू हुई 'एक युद्ध नशा विरुद्ध' पदयात्रा, उमड़ा जनसैलाब

 


हल्द्वानी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को बिजनी हल्दू, कोटाबाग से सामाजिक कार्यकर्ता गुंजन तिवारी के नेतृत्व में भव्य 'एक युद्ध नशा विरुद्ध पदयात्रा' का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली।

पदयात्रा के शुभारंभ अवसर पर पहुंचे व्यास श्री कपिल देव महाराज ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि नशा समाज और राष्ट्र दोनों को कमजोर करता है। इसके खिलाफ जनजागरण बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से ऐसे ठोस प्रयास दिखाई नहीं दे रहे थे और गुंजन तिवारी की यह पहल अनेक लोगों का जीवन सुधारने में सहायक बनेगी। उन्होंने यात्रा को आशीर्वाद देते हुए उपस्थित जनसमूह से जय गोलज्यू महाराज का जयकारा भी लगवाया।

कार्यक्रम में कारगिल की प्रसिद्ध सूर्या स्पीति रन मैराथन की विजेता उत्तराखंड की बेटी पूजा बिष्ट भी शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि अपने खेल सफर में उन्हें गुंजन तिवारी का भरपूर सहयोग और मार्गदर्शन मिला, जिसका महत्वपूर्ण योगदान उनकी सफलता में रहा।

गुंजन तिवारी ने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह गैर-राजनीतिक सामाजिक अभियान है, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर कर खेल और राष्ट्र निर्माण की ओर प्रेरित करना है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अनुशासन बनाए रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।

यात्रा शुरू होने से पहले सभी ने नशामुक्त जीवन की शपथ ली। देशभक्ति गीतों और 40 से अधिक तिरंगों के बीच निकली पदयात्रा में आयोजकों की अपेक्षा से दोगुना जनसमर्थन मिला। यह यात्रा मयारामपुर (गैबुवा), धमौला और चकलुआ होते हुए 25 अक्टूबर को कमलुवागांजा रोड स्थित श्री रघुनाथ बैंक्वेट हॉल में संपन्न होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी