मानसून में नहीं होगी कोई लापरवाही सड़कों के निरीक्षण और तत्काल मरम्मत के आदेश
हल्द्वानी , 09 जुलाई (हि.स.)। मानसून के दौरान शहर की सड़कों को गड्ढा मुक्त रखने और जलभराव जैसी समस्याओं से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने नगर निगम सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में एडीबी, लोक निर्माण विभाग, पेयजल निर्माण निगम, यूपीसीएल और अन्य विभागों को निर्देश दिए गए कि शहर की मुख्य और आंतरिक सड़कों का नियमित निरीक्षण किया जाए और बारिश के कारण बनने वाले गड्ढों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रत्येक पैकेज के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम यानी QRT गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। ये टीमें मानसून और आपदा के दौरान 24 घंटे सक्रिय रहेंगी और जलभराव, सड़क क्षति तथा अन्य समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई करेंगी।पेयजल निर्माण निगम को सीवर लाइन बिछाने के बाद खोदी गई सड़कों की गुणवत्ता बनाए रखने, बैकफिलिंग और बारिश के बाद डामरीकरण जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं तीनपानी से मंडी मार्ग पर विद्युत पोल शिफ्टिंग और ह्यूम पाइप बिछाने का कार्य भी तय समय में पूरा करने को कहा गया है।
नगर मजिस्ट्रेट और नगर आयुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को मानसून अवधि में मोबाइल फोन लगातार चालू रखने, मुख्यालय पर मौजूद रहने और किसी भी आपदा की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आम जनता को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता