प्रमुख राजदीप ने आठ बालिकाओं को दी 21-21 हजार की सहयोग राशि
उत्तरकाशी, 27 अगस्त (हि.स.)। प्रमुख डुंडा राजदीप परमार ने सामाजिक सरोकार से जुड़ी एक अभिनव पहल कन्या मांगलिक सहायता समारोह का शुभारंभ किया है। उन्होंने डुण्डा क्षेत्र की चार पट्टियों से चयनित आठ जरूरतमंद बालिकाओं का चयन कर उनके विवाह के लिए 21-21 हजार की सहयोग राशि प्रदान की। इस मौके पर परमार ने कहा कि जरूरतमंद बेटियों के विवाह में सहयोग करना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बेटियों के सम्मान और उनके सुखद भविष्य के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का प्रयास है।
गुरूवार को डुंडा में कन्या मांगलिक सहायता समारोह में बतौर मुख्यतिथि शामिल हुए प्रमुख राजदीप परमार ने कहा कि उनका उद्देश्य डुण्डा ब्लॉक की बेटियों के चेहरों पर मुस्कान लाना और जरूरतमंद परिवारों को बेटी के विवाह में आर्थिक कठिनाइयों से राहत दिलाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पहल केवल एक वर्ष तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि हर वर्ष इस मुहिम को निरंतर जारी रखा जाएगा। कहा कि इस मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने अपनी एक वर्ष की वेतन राशि के साथ अपनी ओर से उतनी ही धनराशि जोड़कर सहयोग करने का संकल्प लिया है।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने रक्षाबंधन के पर्व को भी मनाया और उपस्थित बहनों से राखी बंधवाई और उनके साथ भोजन कर भाई-बहन के आत्मीय रिश्ते को मजबूत किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने पहल की सराहना करते हुए इसे बेटियों के सम्मान और जरूरतमंद परिवारों के लिए प्रेरणादायी कदम बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल