नैनीताल में महिला पर्यटक से दुष्कर्म के प्रयास का आरोपित टैक्सी चालक गिरफ्तार

 


हल्द्वानी , 07 मार्च (हि.स.)। जनपद नैनीताल में महिला पर्यटक के साथ दुष्कर्म के प्रयास और लूट की गंभीर घटना में पुलिस ने आरोपित टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई डॉ. मंजुनाथ टी.सी. (एसएसपी नैनीताल) के निर्देशन में की गई।

पुलिस के अनुसार 5 मार्च 2026 को एक महिला पर्यटक दिल्ली से देहरादून होते हुए बस से हल्द्वानी पहुंची। वहां से वह ऑटो से काठगोदाम आई और नैनीताल जाने के लिए एक टैक्सी किराये पर ली। रात करीब 1:30 बजे वल्दियाखान के पास टैक्सी चालक ने वाहन को नैनीताल ले जाने के बजाय पटवाडांगर की सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया। विरोध करने पर चालक ने महिला के साथ मारपीट की, दुष्कर्म का प्रयास किया और उसका मोबाइल फोन लूट लिया ताकि वह किसी को सूचना न दे सके।

6 मार्च की सुबह स्थानीय लोगों की मदद से पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम से जांच कराई और साक्ष्य एकत्र किए। पीड़िता की तहरीर पर तल्लीताल थाना में मुकदमा दर्ज किया। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर डॉ. जगदीश चंद्र (एसपी सिटी) के नेतृत्व में टीम गठित की गई। मनोज सिंह नयाल (थानाध्यक्ष तल्लीताल) के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, वाहन संख्या UK04TB 5500वैगनआर) और जीपीएस की मदद से जांच कर आरोपित को भवाली रोड स्थित पाइन्स क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान दीपक सिंह बोरा (39 वर्ष) पुत्र नंदन सिंह बोरा, निवासी गुजरौड़ा फतेहपुर थाना मुखानी, नैनीताल के रूप में हुई है। आरोपित की निशानदेही पर पीड़िता का लूटा हुआ मोबाइल फोनबरामद कर लिया गया है और घटना में प्रयुक्त वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता