मेडिकल कॉलेज में रैगिंग और मारपीट का आरोप तीन छात्र चिह्नित

 


हल्द्वानी , 23 अक्टूबर (हि.स.)। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के एक छात्र के साथ मारपीट और रैगिंग किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कॉलेज के वार्षिकोत्सव ‘क्रीसेंडो’ की तैयारियों के दौरान यह घटना हुई, जिसके बाद छात्र को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

छात्र के पिता की शिकायत के बाद कॉलेज प्रशासन और एंटी रैगिंग कमेटी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले को लेकर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय आर्य ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान कुछ शिकायतें सामने आई थीं। कॉलेज प्रशासन ने संबंधित छात्रों से बातचीत की है और प्रारंभिक जांच में फिलहाल मारपीट की पुष्टि नहीं हुई है।

हालांकि, जिस छात्र के साथ रैगिंग किए जाने का आरोप है, उसके बयान दर्ज नहीं हो पाए हैं। प्राचार्य के अनुसार, शिकायत करने वाले छात्र के पिता से संपर्क हुआ है, जबकि छात्र किसी कारण से उस समय उपलब्ध नहीं था। प्राचार्य ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान तीन छात्रों को चिह्नित किया गया है और उनके बयान भी लिए गए हैं। मामले की जांच अभी जारी है।

उन्होंने कहा कि पीड़ित छात्र के बयान सहित सभी तथ्यों की पड़ताल के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता