नरेंद्रनगर के 108 किसानों को बांटे 1.20 करोड़ के ऋण के चेक

 

नई टिहरी, 28 नवंबर (हि.स.)। नरेंद्रनगर ब्लॉक मुख्यालय फकोट में आयोजित सहकारिता ऋण मेले में 108 किसानों को 1.20 करोड़ रुपये के ऋण के चेक बांटे गए। दीनदयाल किसान कल्याण योजना के तहत किसानों को विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के लिए शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण दिया गया।

योजना के तहत मिले ऋण से किसान खेती-बागवानी के साथ ही अन्य आजीविका के साधन विकसित कर सकेंगे। शनिवार को ऋण मेले का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा, जिला सहायक निबंधक पान सिंह राणा ने किया। ब्लॉक प्रमुख दीक्षा ने कहा कि ब्याज मुक्त ऋण काश्तकारों की आजीविका के साधन बढ़ाने में मददगार साबित होगा।

इससे किसान अपनी जरूरत और स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार स्वरोजगार की गतिविधियां शुरू कर सकेंगे। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सब्जी, फल, फूलों की खेती और कृषि के क्षेत्र में स्वरोजगार की काफी संभावनाएं हैं। इन गतिविधियों को अपनाकर किसान अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं। इस मौके पर बैंक संचालक रोशनी राणा, खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार भट्ट, जिला पंचायत सदस्य हुकम सिंह भंडारी, बीडीसी सदस्य सिद्धार्थ राणा और अपर जिला सहकारी अधिकारी लक्ष्मण बुटोला मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी