प्रतापनगर क्षेत्र के 112 लाभार्थियों को बांटे 1.07 करोड़ के ऋण के चेक
नई टिहरी, 18 नवंबर (हि.स.)। सहकारिता विभाग के तत्वावधान में जिला सहकारी बैंक लंबगांव, मुखेम और प्रतापनगर ब्लॉक की साधन सहकारी समितियों ने दीनदयाल उपाध्याय योजना के अंतर्गत लंबगांव में सहकारिता ऋण मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान 112 लाभार्थियों को कुल 1.07 करोड़ रूपये के ऋण के चेक बांटे गए।
बुधवार को लंबगांव में डीबीसी के निदेशक वरुणपाल रजवार, जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी पंवार और भाजपा के मंडल अध्यक्ष मनोज रमोला ने चिन्हित लाभार्थियों को स्वरोजगार, कृषि आदि कार्य के लिए चेक वितरित किए। डीसीबी लंबगांव के शाखा प्रबंधक विजय प्रकाश सरोज, सुरेंद्र कोहली ने बताया कि इस योजना के माध्यम से किसानों एवं काश्तकारों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसके तहत साधन सहकारी समिति मुखेम, दीनगांव, कुड़ियालगांव, ल्वार्खा, सिलारी, रौणद रमोली, मांजफ व लंबगांव सहित विभिन्न समितियों से जुड़े काश्तकारों को ऋण वितरित किया गया। सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने, कृषि एवं स्वरोजगार गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी