ज्योलीकोट में अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर
नैनीताल, 12 अगस्त (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर शहीद हीरा बल्लभ भट्ट राजकीय इंटर कॉलेज, ज्योलीकोट में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को युवा शक्ति के महत्व, साइबर अपराध से बचाव, डिजिटल अरेस्ट तथा उपलब्ध विधिक सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई।
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष-जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी के आदेश पर आयोजित शिविर का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य कुंदन सिंह बुदियाल ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिविल जज पारुल थपलियाल का स्वागत कर किया। पारुल थपलियाल ने विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें गलत संगति से बचते हुए जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताते हुए अनजान लिंक एवं वेबसाइट खोलने तथा किसी भी प्रकार के लालच में आने से बचने की सलाह दी। डिजिटल अरेस्ट के संबंध में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। साइबर अपराध की स्थिति में 1930, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की विधिक सहायता सेवा के लिए 15100 तथा बच्चों की सहायता के लिए 1098 हेल्पलाइन की जानकारी दी गई। शिविर में विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी